दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। जावरा निवासी मनोहर लाल पिता कचरूलाल देवड़ा को बांगरोद स्थित एक मकान का कब्जा दिलाने में ग्राम पंचायत सचिव द्वारा की जा रही आनाकानी ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना का मामला सामने लाया है। मनोहर लाल ने सभी आवश्यक कार्रवाइयां पूरी कर उक्त मकान अपने नाम दर्ज करवा लिया, लेकिन पंचायत सचिव की हठधर्मिता के चलते उन्हें अब तक कब्जा नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, अपर कलेक्टर रतलाम के न्यायालय ने मनोहर लाल को मकान का कब्जा दिलाने और इसकी सूचना न्यायालय को देने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद पंचायत सचिव ने कोई कार्रवाई नहीं की और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करते हुए फरियादी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर तहसीलदार ने नामली थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत सचिव को पुनः पत्र जारी कर सात दिनों के भीतर आवेदक को कब्जा दिलाने का आदेश दिया, लेकिन सचिव द्वारा इस आदेश की भी अनदेखी की जा रही है। पीड़ित मनोहर लाल ने जनसुनवाई में भी अपनी गुहार लगाई, मगर उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









