मांगलिक आयोजनों के लिए 5 लाख रुपए से टीन शेड, दो हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा, पानी के बिल माफ करने और स्कूल को 8वीं तक करने का दिया भरोसा
मंदसौर । लोकप्रिय विधायक विपिन जैन बुधवार शाम टिगरिया (500 क्वार्टर) पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं । रहवासियों ने बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं ।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि टिगरिया 500 क्वार्टर में रहने वाले अधिकांश परिवार मध्यमवर्गीय, गरीब एवं मजदूरी करने वाले हैं । ऐसे में मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बाहर स्थित धर्मशालाओं और रिजॉर्ट का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है । रहवासियों ने क्षेत्र में ही टीन शेड निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक श्री जैन ने विधायक निधि से 5 लाख रुपए की राशि से टीन शेड निर्माण की घोषणा की। वहीं क्षेत्र में रात के समय प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए दो हाईमास्ट लाइट लगाने पर भी सहमति दी ।

2016 से जमा पानी के बिल माफ करने की मांग
रहवासियों ने बताया विधायक विपिन जैन को बताया कि वर्ष 2016 में उन्हें आवास उपलब्ध कराए गए थे । इसके बाद से नल कनेक्शन के पानी के बिल लंबे समय से जमा होते रहे हैं और अब बड़ी राशि के रूप में बिल दिए जा रहे हैं । रहवासियों ने इन बिलों को माफ कराने की मांग विधायक के सामने रखी । विधायक श्री जेन ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिलाया ।
प्राथमिक विद्यालय को 8वीं तक करने की मांग
टिगरिया पांच सो क्वार्टर में संचालित एकमात्र सरकारी प्राथमिक विद्यालय को कक्षा 5वीं से बढ़ाकर 8वीं तक किए जाने की मांग भी रहवासियों ने रखी । उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है । विधायक श्री जैन ने शिक्षा से जुड़ी इस मांग को राज्य स्तर पर रखने और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया ।
चोरी की घटनाओं पर गश्त बढ़ाने की मांग
चौपाल में क्षेत्रवासियों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की । विधायक श्री जेन ने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने का भरोसा दिलाया ।
सोमेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
चौपाल से पहले विधायक विपिन जैन ने टिगरिया स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की । क्षेत्रवासियों ने पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर लोकप्रिय विधायक विपिन जैन ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि नदी एवं तालाबों में कचरा नहीं डालें तथा जलस्रोतों को स्वच्छ एवं साफ रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं ।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








