पोरवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट की बैठक सम्पन्न, 15 नवंबर को मंदसौर में होगा प्रतिभा सम्मान समारोह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कक्षा 12वीं में 80 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान, उच्च शिक्षा के लिए प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति

मंदसौर। अखिल भारतीय पोरवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट मंदसौर की महत्वपूर्ण बैठक पोरवाल छात्रावास, रामटेकरी मंदसौर में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधि सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में ट्रस्ट की आगामी गतिविधियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीशचंद्र चौधरी ने बताया कि इस वर्ष भी 15 नवंबर 2026, रविवार को मंदसौर में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए ट्रस्ट द्वारा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

80 प्रतिशत या अधिक अंक वालों को मिलेगा प्रतिभा सम्मान
बैठक में तय किया गया कि वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर 80 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा चिकित्सा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इनमें MBBS, MS, MD, BAMS, M.Pharma, B.Pharma, D.Pharma, B.Tech., M.Tech., MBA, MCA, CA, CS, LLM, LLB, B.Ed. एवं Ph.D. सहित अन्य नवीन पाठ्यक्रम शामिल हैं। संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे।

राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद, शिक्षक सम्मान, विशेष उपलब्धि, साहित्य प्रकाशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुरस्कार अथवा उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थी एवं समाजबंधु भी प्रतिभा सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति
ट्रस्ट द्वारा सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित आवेदन करना आवश्यक होगा।

ट्रस्ट द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं छात्रवृत्ति के आवेदन फार्म विभिन्न शहरों एवं क्षेत्रों में उपलब्ध करवाए गए हैं। मंदसौर, नीमच, मनासा, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, सुवासरा, सीतामऊ, रतलाम, जावरा, नागदा, महिदपुर, उज्जैन, इंदौर, देवास, रामपुरा, भवानीमंडी, रामगंजमंडी, झालरापाटन, कुकड़ेश्वर, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी सहित अन्य स्थानों पर निर्धारित प्रतिनिधियों एवं संस्थानों से फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं।
अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक रामनिवास धनोतिया, मंदसौर अथवा जगदीश काला, मंदसौर से संपर्क किया जा सकता है।

दिसंबर में होंगे त्रैवार्षिक चुनाव
बैठक में ट्रस्ट के आगामी त्रैवार्षिक निर्वाचन दिसंबर माह में निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर संपन्न कराने का भी निर्णय लिया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखे। बैठक का संचालन जगदीश काला, मंदसौर ने किया तथा आभार रामनिवास धनोतिया ने व्यक्त किया।

बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीशचंद्र चौधरी, महामंत्री सुनील मांदलिया, कोषाध्यक्ष सुरेशकुमार धनोतिया, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, कृष्णकांत मोदी, ईश्वरलाल धनोतिया, सहसचिव कैलाश मंडवारिया, अरविंद पोरवाल, जगदीशचंद्र धनोतिया, सुरेश मांदलिया, विनोद मांदलिया, दिलीप सेठिया, कुसुम सेठिया, शिवलाल धनोतिया, कांतिलाल रत्नावत, राधेश्याम गुप्ता, जगदीश काला, रामनिवास धनोतिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!