ओम बड़ोदिया ने मूक पशु के प्रति दिखाई संवेदना, सड़क दुर्घटनाए मृत ऊंट का विधि विधान किया अंतिम संस्कार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर । सीतामऊ फाटक स्थित ब्रिज पर एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक ऊंट की असमय मृत्यु हो गई। राजस्थान के रेबारी समाज के लोग अपने ऊंटों को लेकर ब्रिज से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक वाहन की तेज गति देखकर ऊंट अचानक घबरा गया और संतुलन बिगड़ने के कारण ब्रिज से सीधे नीचे जा गिरा। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने तथा गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही निरंतर मूक पशु-पक्षियों की सेवा और संरक्षण में लगे गौ आरोग्य सेवा समिति के अध्यक्ष ओम बड़ोदिया तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए बिना किसी देरी के राहत और व्यवस्था का कार्य शुरू किया। ओम बड़ोदिया ने क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि शैलेंद्र गिरी गोस्वामी और ऊंट के मालिक के साथ मिलकर नगर पालिका प्रशासन से संपर्क साधा। तत्पश्चात नगर पालिका की जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को मौके पर बुलवाया गया।

दुर्घटनास्थल से मृत ऊंट को बड़े ही आदर और सुरक्षा के साथ ट्रैक्टर की मदद से एक उपयुक्त खुले स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से गहरा गड्ढा खोदकर धार्मिक रीति-रिवाजों और पूरी विधि-विधान के साथ ऊंट का अंतिम संस्कार संपन्न किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने गौ आरोग्य समिति की इस त्वरित और मानवीय पहल की काफी सराहना की।

इस पूरी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गौ आरोग्य समिति के अध्यक्ष ओम बड़ोदिया ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक की लापरवाही और तेज गति ही इस हादसे की मुख्य वजह बनी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से बेहद भावुक और गंभीर अपील करते हुए कहा कि राजमार्गों और शहर के मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की रफ्तार पर नियंत्रण रखें तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि बेजुबान और मूक पशुओं की जान को किसी भी तरह का खतरा न पहुंचे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस ब्रिज पर दोनों और जाली लगा देना देवे जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!