जावरा में ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान—हेलमेट वालों को माला पहनाकर सम्मान, नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हेलमेट पहना तो पुलिस ने पहनाई फूलों की माला, नियमों की शपथ लेकर सुरक्षित सफर का संकल्प

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अब सिर्फ चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदार वाहन चालकों का सम्मान कर दूसरों को भी प्रेरित कर रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में यातायात पुलिस जावरा ने जोयो होटल चौराहे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को यातायात पुलिस ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट था—जो नियम मानेगा, उसका सम्मान होगा और जो नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।

पीछे बैठी महिलाओं की सुरक्षा पर भी समझाइश
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर और गड्ढों के पास वाहन की गति नियंत्रित रखने की समझाइश दी। खासकर दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने का संदेश दिया गया, ताकि अचानक ब्रेक या झटके से दुर्घटना की स्थिति न बने।
कार्यक्रम में मौजूद वाहन चालकों, दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिस की पहल की सराहना की। इसके बाद वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई गई।

हादसे में मदद करने वालों को ₹25 हजार तक प्रोत्साहन
पुलिस ने लोगों को राहवीर (Good Samaritan) योजना की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने के महत्व को बताया। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों के उपचार से जुड़ी पीएम राहत योजना के बारे में भी जानकारी दी गई।

यातायात पुलिस ने साफ संदेश दिया—
“सड़क पर सावधानी सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है।”
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस जावरा का यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!