जावरा में चाइना मांजे का कहर, फोरलेन ओवरब्रिज पर बाइक सवार युवक घायल, गर्दन और उंगली पर लगे गहरे घाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। शहर में चाइना मांजे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की सख्ती के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई। गुरुवार शाम फोरलेन स्थित ओवरब्रिज पर एक युवक धारदार चाइना मांजे का शिकार हो गया। नवकार सिटी स्थित अपने घर लौट रहे बाइक सवार युवक धिवका हर्ष की गर्दन पर अचानक मांजा आ गया, जिससे गले पर गहरे कट लग गए। घबराहट में मांजे को हटाने की कोशिश में उसकी एक उंगली भी बुरी तरह कट गई।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित हटाया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घायल युवक को तुरंत शहर के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उंगली में करीब आठ टांके लगाए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन ओवरब्रिज जैसे व्यस्त मार्ग पर चाइना मांजे का खुलेआम होना बेहद चिंताजनक है। यह वह रोड है जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन रहता है, साथ ही बड़ी संख्या में लोग सिटी से चौपाटी की ओर इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे यहां ट्रैफिक की स्थिति हमेशा व्यस्त बनी रहती है।

प्रशासन के दावों की खुली पोल
उल्लेखनीय है कि प्रशासन समय-समय पर चाइना मांजे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध, कार्रवाई और सतर्कता के दावे करता रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों को बेनकाब कर रही है। शहर में अब भी चोरी-छिपे चाइना मांजा बिक रहा है और बेखौफ होकर उसका उपयोग किया जा रहा है। इससे पहले भी मांजे से घायल होने और जानलेवा घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन ठोस और सतत कार्रवाई का अभाव साफ नजर आता है।

जनता में आक्रोश,सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
घटना के बाद आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार नागरिक और युवक तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम राहगीरों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा? शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, नियमित सघन जांच अभियान चलाए जाएं और चाइना मांजे पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान खतरे में न पड़े।

अब सवाल यह है कि क्या इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन केवल औपचारिक बयानबाजी तक सीमित रहेगा या वास्तव में चाइना मांजे की अवैध बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाएगा। शहर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!