दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। बिजली विभाग के अधिकारियों से संतोषजनक जवाब न मिलने से नाराज शहर के बिजली उपभोक्ताओं ने गुरुवार को विद्युत कंपनी के कार्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन किया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने विरोध जताने के लिए अपने बदन से आधे कपड़े उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
जन संघर्ष समिति के असलम मेव के नेतृत्व में दोपहर करीब तीन बजे एक दर्जन से अधिक बिजली उपभोक्ता विद्युत कंपनी के स्थानीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने सहायक अभियंता संजय खरत से पूर्व की शिकायतों और समस्याओं के निराकरण के बारे में जानकारी मांगी। उपभोक्ताओं का कहना था कि जिन लोगों को बिजली खपत के अधिक राशि के बिल प्राप्त हुए थे, उनके कनेक्शन तीन महीने तक न काटने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन विभाग ने एक महीने के अंदर ही कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे उपभोक्ताओं में गहरा असंतोष फैल गया।

इसके अलावा, वैध और अवैध कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन प्रदान करने संबंधी जानकारी मांगी गई। विभाग ने बताया कि एक मकान पर एक बिजली कनेक्शन के लिए संबंधित व्यक्ति को करीब 45 हजार रुपये जमा कराने होंगे, साथ ही 10 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि अलग से भुगतान करनी होगी। हालांकि, कॉलोनीवासी इस निर्णय पर सहमत हो गए थे, लेकिन बिजली कंपनी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था से हाथ झाड़ने के कारण लोग भड़क उठे। कार्यालय में हंगामा और हो-हल्ला शुरू हो गया, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
प्रदर्शन में भेरूलाल नेका, मदन माली, कमलेश वीर, इरफान खान, दानिश हुसैन, अली जमान समेत अन्य उपभोक्ता शामिल थे। जन संघर्ष समिति के असलम मेव ने कहा कि विभाग की मनमानी से उपभोक्ता परेशान हैं और उनकी मांगों का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
विभाग का पक्ष
सहायक अभियंता संजय खरत ने बताया, “दो-तीन दिन पूर्व कुछ उपभोक्ता अवैध कॉलोनियों में कनेक्शन संबंधी जानकारी लेने आए थे। उन्हें शासन के नोटिफिकेशन के अनुसार अवैध कॉलोनियों में क्षेत्रफल के आधार पर स्थाई कनेक्शन दिए जाने के लिए निर्धारित शुल्क बताया गया था। इसमें विद्युत अधोसंरचना शुल्क, कनेक्शन शुल्क एवं सप्लाई अफोर्डिंग चार्जेज शामिल हैं। आज जन संघर्ष समिति के सदस्यों को भी यही जानकारी दी गई।”
यह घटना शहर में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, जहां उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान न होने से ऐसे प्रदर्शन हो रहे हैं। विभाग ने आगे की कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं की।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









