शामगढ़ (विजय जोशी)। शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल में बीएमओ डॉ. मनीष दानगढ़ और महिला चिकित्सक डॉ. मनोहरी ठोलिया के नेतृत्व में 9 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद एक महिला की पहली नॉर्मल डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गई। मंगलवार शाम 5 बजे डिलीवरी के लिए भर्ती हुई करीना, पति समीर, निवासी शामगढ़, का ब्लड प्रेशर बढ़ने के बावजूद डॉक्टरों और स्टाफ नर्स की सतर्कता से एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया गया।
डॉ. मनीष दानगढ़ और डॉ. मनोहरी ने करीना को लगातार ऑब्जर्वेशन में रखा और परिवार को भरोसा दिलाया। करीना के पति समीर ने बताया, “डॉक्टरों ने 9 घंटे तक अथक प्रयास किए और मुझे हिम्मत बंधाई कि मेरी पत्नी एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी।” उन्होंने डॉक्टरों की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण यह संभव हो पाया।

संसाधनों की कमी बनी चुनौती
समीर ने सिविल हॉस्पिटल में संसाधनों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “अगर प्रशासन संसाधनों की कमी पूरी करे, तो हमारे डॉक्टर कई मरीजों का इलाज यहीं कर सकते हैं। संसाधनों के अभाव में डॉक्टरों को मरीजों को रेफर करना पड़ता है।” स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्पिटल में महिला रोग, शिशु रोग, हड्डी रोग और हृदय रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है।
डॉक्टरों का कार्य प्रशंसनीय
विपरीत परिस्थितियों में भी डॉ. मनीष दानगढ़, डॉ. मनोहरी ठोलिया और हॉस्पिटल स्टाफ ने न केवल मेडिकल केयर प्रदान की, बल्कि करीना और उनके परिवार को मानसिक संबल भी दिया। इस सफल डिलीवरी ने एक बार फिर सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टरों के समर्पण को साबित किया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









