दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। गुरुवार सुबह रतलाम शहर के दो बत्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत मित्र निवास कॉलोनी में एक युवक का खून से लटपट शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरुण पिता मनोहर असावरा (22 वर्ष), रत्नेश्वर रोड निवासी, के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और स्टेशन रोड थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, अरुण बुधवार देर रात 11:00 बजे सीसीटीवी फुटेज में क्षेत्र में जाते दिखा था। गुरुवार सुबह करीब 7:00 बजे उसका शव एक खाली प्लॉट पर पड़ा मिला।

बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी से महज 50 मीटर दूर ही बुधवार की रात अरूण का अज्ञात लोगों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अरुण पेशे से इलेक्ट्रिशियन था। पुलिस ने मृतक के परिचितों से पूछताछ शुरू की है और हत्या के कारणों व परिस्थितियों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









