रतलाम (दीपक सोनी)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर ईसरथूनी के पास बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बिहार पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (STF) की स्कॉर्पियो गाड़ी पलट गई, जिसके परिणामस्वरूप दो जवानों की मौत हो गई और चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हादसे में मृत जवानों की पहचान 2018 बैच के सब-इंस्पेक्टर मुकुंद मुरारी और कॉन्स्टेबल विकास कुमार के रूप में हुई है। मुकुंद मुरारी पटना के बख्तियारपुर के निवासी थे और पटना STF में तैनात थे। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल को उन्नत उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिहार STF की टीम गया से गुजरात के गांधीधाम एक अपराधी को पकड़ने के लिए जा रही थी। हादसा तब हुआ जब उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए सड़क से नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शी कॉन्स्टेबल रंजन कुमार ने बताया, “हम गाड़ी के पीछे सो रहे थे, जब हादसा हुआ। गाड़ी से बाहर निकलने पर हमने देखा कि तीन लोग बाहर पड़े थे, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी।”

रतलाम के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल जवानों का हाल जाना और आवश्यक निर्देश दिए। औद्योगिक थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। बिहार से एक टीम मृत जवानों के शवों को वापस लाने के लिए रतलाम रवाना हो चुकी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









