सोयाबीन फसल के नुकसान पर विधायक विपिन जैन ने मुआवजा और बीमा राशि प्रदान करने की मांग की, कलेक्टर ने कराया नुकसानी सर्वे प्रारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोयाबीन फसल के नुकसान पर विधायक विपिन जैन ने मुआवजा और बीमा राशि प्रदान करने की मांग की, कलेक्टर ने कराया नुकसानी सर्वे प्रारंभ

मंदसौर। मंदसौर विधानसभा के विधायक विपिन जैन ने सोयाबीन की फसल में पीला मोजेक वायरस और लंबे समय तक पानी की कमी के कारण हुए नुकसान को लेकर किसानों के हित में कदम उठाया है। उन्होंने कलेक्टर अदिति गर्ग को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए तत्काल नुकसान का आकलन कर मुआवजा और बीमा राशि प्रदान करने की मांग की है।

मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि विधायक श्री जैन को जिले भर के किसानों ने सोयाबीन फसल में हो रहे नुकसान की जानकारी दी। इस पर संज्ञान लेते हुए विधायक ने मंदसौर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और खेतों में जाकर स्थिति का जायजा लिया।

पत्र में विधायक श्री जैन ने कहा कि भ्रमण के दौरान यह देखा गया कि जिले के अधिकांश क्षेत्रों में सोयाबीन की फसल पीली पड़ रही है। पीला मोजेक वायरस के प्रकोप से कई खेत पूरी तरह सूखने की कगार पर हैं। किसानों द्वारा दवाइयों का छिड़काव करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि किसानों को न केवल लाभ की उम्मीद टूट रही है, बल्कि लागत वसूल करना भी मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया कि कृषि और राजस्व विभाग को तत्काल नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को मुआवजा तथा बीमा राशि प्रदान करने के निर्देश दिए जाएं। विधायक श्री जैन ने किसानों की इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए उनके हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

सोयाबीन में पीला मोजेक रोग से संबंधित नुकसानी सर्वे प्रारंभ

कलेक्टर ने कहा किसानों को घबराने और किसी प्रकार से चिंता करने की आवश्यकता नहीं

मंदसौर। जिले में सोयाबीन की फसल पर पड़ रहे पीले मोजेक रोग की स्थिति का आकलन एवं प्रभावित क्षेत्र की जानकारी एकत्र करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग के निर्देशानुसार नुकसानी सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि इस सर्वे कार्य में राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग के संयुक्त दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में राजस्व अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित पटवारी सक्रिय रूप से खेतों में पहुंचकर फसल की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर रहे हैं।

बहुत ही शीघ्र जिले के सभी विकासखंडों में फसल नुकसान का संपूर्ण सर्वे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अनुमानित रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। शासन से प्राप्त निर्देशों के आधार पर पीड़ित कृषकों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कृषकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग पूरी गंभीरता से किसानों के साथ खड़ा है।

कृषि विभाग की सलाह एवं जागरूकता
कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित गांवों में भ्रमण कर किसानों को पीले मोजेक रोग से बचाव एवं नियंत्रण के उपाय बताए। विभाग के तकनीकी अधिकारी किसान भाइयों को बताए कि समय पर उचित कीटनाशी एवं अनुशंसित उपाय अपनाकर फसल को सुरक्षित किया जा सकता है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!