इंदौर से दिल्ली और राजस्थान से महाराष्ट्र तक देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम; इलेक्ट्रॉनिक कटर समेत औजार जब्त
मंदसौर। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय बागरिया गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्यों ने देश के अलग-अलग राज्यों में 17 स्थानों पर नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, सीएसपी मंदसौर जितेन्द्र भास्कर एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर तथा नाहरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मकान का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के मुताबिक 18 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली मंदसौर में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। फरियादी ने बताया था कि अज्ञात बदमाश मकान के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दोनों अलमारियों के गेट खोलकर उनमें रखी करीब 20 हजार रुपए की नगदी तथा सोने-चांदी के पुराने इस्तेमाल किए हुए जेवरात चोरी कर ले गए।
मामले में थाना कोतवाली मंदसौर में अपराध क्रमांक 465/2026, धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बागरिया गैंग के सदस्यों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 17 अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया, जिनमें मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।
इन राज्यों और शहरों में वारदातें
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मिलकर इंदौर, रतलाम, आगरा, राजसमंद, नाथद्वारा, उदयपुर, मालेगांव, धुलिया, दिल्ली और गुड़गांव सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। संबंधित थानों में आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग अपराध दर्ज होना भी पाया गया है।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को पकड़ा है-
1. शिवराम उर्फ हनुमान पिता लादुराम बागरिया, निवासी ग्राम देवरियाकला, जिला अजमेर
2. सांवरा पिता रमेश बागरिया, निवासी चपानेरी, जिला अजमेर
3. सूरज पिता रमेश बागरिया, निवासी चपानेरी, जिला अजमेर
4. मदनबौदिया उर्फ सांवरा, निवासी ग्राम कुसायता
5. उमराव पिता लादुराम लोहार, निवासी कोटिया, जिला भीलवाड़ा, हाल मुकाम विजयनगर, ब्यावर
6. कालूराम पिता रतनलाल बागरिया, निवासी चपानेरी, जिला अजमेर
20 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
जब्त सामग्री में शामिल हैं—
– 02 टॉमी
– 01 इलेक्ट्रॉनिक कटर
– 02 ग्लव्स
– 01 प्लास्टिक प्लास
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मंदसौर निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी नाहरगढ़ निरीक्षक वरुण तिवारी, उनि शैलेन्द्र सिंह कनेरा, उनि संदीप मौर्य, प्रआर उमंग शर्मा, प्रआर अर्जुन सिंह राठौर, प्रआर हरिश यादव, प्रआर आशीष बैरागी (सायबर सेल), प्रआर मनीष बघेल (सायबर सेल), प्रआर मुजफ्फरुद्दीन (सायबर सेल), आर हरिश राठौर, आर आशुतोष, आर मंगल, आर शैलेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








