सागर में जहरीली शराब का कहर: 11 लोगों की मौत, 5 अफसर सस्पेंड; 7 शराब दुकानें सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

35 से ज्यादा मरीज अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर; मिथाइल अल्कोहल मिलाने की आशंका, UP के ललितपुर से शराब सप्लाई की बात सामने आई

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 11 पहुंच गया है। हालांकि कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अब तक 10 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। वहीं, करीब 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामला सागर जिले के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव का है। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में शराब में मिथाइल अल्कोहल मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

35 मरीज अस्पताल पहुंचे, गंभीर मरीजों का इलाज जारी
लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम भेजकर स्क्रीनिंग शुरू कराई। संदिग्ध लक्षण मिलने पर मरीजों को उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएमसी में संदिग्ध मरीजों के लिए अलग बेड की व्यवस्था की गई है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मिथाइल अल्कोहल की आशंका
कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, 2-3 शवों के पोस्टमॉर्टम के दौरान मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका सामने आई है। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण भी देखे गए हैं। हालांकि शराब में वास्तव में कौन सा जहरीला पदार्थ मिला था, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को शराब सेवन के बाद उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।

5 अधिकारी निलंबित, एक अधिकारी मुख्यालय अटैच
घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आबकारी और पुलिस विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की है। इनमें—
– सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे
– जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते
– बंडा आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते
– गूगरा चौकी प्रभारी ASI पूरन सिंह
– बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा को निलंबित किया गया है।वहीं, संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरज श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

7 शराब दुकानें सील
एहतियाती कदम उठाते हुए प्रशासन ने बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की शराब दुकानों को सील कर दिया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

ललितपुर से शराब सप्लाई की आशंका
एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक, शुरुआती जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शराब की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने गांव और अस्पताल का लिया जायजा
मौतों की सूचना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी नौरोजा एवं घुघरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के उपचार और उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। शराब के सैंपल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की जांच के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह और जहरीले पदार्थ की पुष्टि हो सकेगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!