विधायक हरदीप सिंह डंग ने सुवासरा के आड़ा बाजार का नाम स्व.डबकरा के नाम पर करने की घोषणा की
दशपुर दिशा । जुगल वेद
सुवासरा। वरिष्ठ समाजसेवी एवं विभिन्न समाजों के मार्गदर्शक रहे स्वर्गीय श्री पीरूलाल डबकरा की पगड़ी रस्म के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशचंद्र काला, युवा संगठन मध्यप्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र काला, राजस्थान अध्यक्ष अंकित धनोतिया, क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग, महासभा महामंत्री दिनेश चौधरी, कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, युवा संगठन संस्थापक एवं तहसील अध्यक्ष तथा पोरवाल समाज सीतामऊ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मांदलिया सहित समाजजनों ने स्व.पीरूलाल डबकरा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं समाजसेवा को याद किया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशचंद काला ने कहा कि स्व.पीरूलाल जी डबकरा व्यवहार कुशलता के धनी और सभी के दिलों में बसने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने सरल व्यवहार और सामाजिक समर्पण से समाज में विशेष स्थान बनाया।
महासभा महामंत्री दिनेश चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि स्व.डबकरा जी हमारे पिता की उम्र के थे, लेकिन उनका प्रेम, अपनापन और आशीर्वाद हमेशा मित्रवत रहा। उनके प्रति ऐसा आत्मीय भाव था कि वे कितनी भी दूर हों, उनसे मिलने के लिए मन हमेशा आतुर रहता था।
महासभा कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने कहा कि आदरणीय पीरूलाल जी डबकरा जैसे व्यक्तित्व बहुत कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित किया। वे केवल पोरवाल समाज के ही नहीं, बल्कि अन्य समाजों के लिए भी मार्गदर्शक रहे। ऐसे समाज रत्न को हम सभी नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
आड़ा बाजार अब कहलाएगा स्व.डबकरा मार्ग
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि स्व. पीरूलाल जी डबकरा राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके गुरु के समान रहे। उनके निधन से जो रिक्तता आई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। स्व.डबकरा का सभी समाजों में प्रेम, स्नेह और सम्मान था तथा उनकी यादें सदैव हम सभी के बीच बनी रहेंगी।
विधायक डंग ने स्व.पीरूलाल डबकरा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए सुवासरा के आड़ा बाजार का नाम स्व.पीरूलाल जी डबकरा मार्ग किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज से आड़ा बाजार को स्व.पीरूलाल जी डबकरा मार्ग के नाम से जाना जाएगा।
इस घोषणा के दौरान उपस्थित समाजजनों ने स्व.डबकरा के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








