अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग, एसपी मंदसौर के नाम थाना प्रभारी सुवासरा को दिया आवेदन
दशपुर दिशा । जुगल वेद
सुवासरा। मालवा के प्रसिद्ध संत एवं गोसेवा के लिए समर्पित संत श्री कमल किशोर जी नागर को धमकी भरा पत्र मिलने के मामले में क्षेत्र में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। इसी क्रम में सुवासरा श्री गोपाल कृष्ण गौशाला, गुरुभक्त मंडल एवं समाजसेवियों ने संत श्री नागर को धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर के नाम ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर झाबुआ जिले के भूरा डबरा स्थित श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला में रात्रिकालीन सत्संग का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान भेंट की गई सामग्रियों के बीच एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ। पत्र मिलने की जानकारी सामने आने के बाद संत श्री कमल किशोर जी नागर के अनुयायियों एवं क्षेत्र के लोगों में रोष है।
संत श्री नागर लंबे समय से धर्मार्थ कार्यों, गोसेवा, गौ-संरक्षण तथा गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध जनजागरण के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके अनुयायियों का कहना है कि संत को इस प्रकार धमकी दिया जाना गंभीर मामला है और पुलिस को मामले की जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी मांग को लेकर सुवासरा श्री गोपाल कृष्ण गौशाला, गुरुभक्त मंडल एवं समाजसेवियों ने जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी सुवासरा को सौंपा। ज्ञापन में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा संत श्री नागर की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। यह जानकारी गोपाल कृष्ण गौशाला के सदस्य एवं गुरुभक्त श्री बालकृष्ण प्रधान ने दी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








