रामदेवरा-खाटूश्यामजी और पुष्कर दर्शन के बाद देवमाली जा रहे थे श्रद्धालु, खरवा-मसूदा के बीच हुआ हादसा
ब्यावर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार शाम राजस्थान के ब्यावर जिले में हादसे का शिकार हो गई। खरवा गांव और मसूदा के बीच तेज रफ्तार निजी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में मंदसौर जिले के 4-5 परिवारों के करीब 31 लोग सवार थे। सभी करीब 10 दिन पहले धार्मिक यात्रा पर निकले थे। रामदेवरा और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वे पुष्कर पहुंचे थे। बुधवार को पुष्कर दर्शन के बाद सभी देवमाली में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मसूदा थाना क्षेत्र में शाम करीब 4:15 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में कई यात्री उछलकर दूर जा गिरे, जबकि कुछ लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही मसूदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 15 से अधिक गंभीर घायलों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। घायलों के पहुंचने की सूचना पर जेएलएन अस्पताल प्रशासन भी अलर्ट हो गया और इमरजेंसी में तत्काल उपचार शुरू किया गया।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत
मसूदा थाने के कॉन्स्टेबल अशोक कुमार के अनुसार हादसे में कालूलाल उम्र 65 वर्ष और नाहर सिंह उम्र 62 वर्ष की मौत हुई है। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








