सरवानिया महाराज में दरवाजा चौराहे पर खुलेआम फल-फूल रहा सट्टा कारोबार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रशासन की नींद गहरी, युवाओं का भविष्य दांव पर!

सरवानिया महाराज। नीमच जिले की सरवानिया महाराज पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित दरवाजा चौराहा एवं चाय की दुकानों के आसपास इन दिनों सट्टेबाजी का अवैध धंधा खुलेआम जोरों पर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक पुराने बाड़े में रोजाना लगभग 2 लाख रुपये का सट्टा लिखा जा रहा है, लेकिन प्रशासन इसकी ओर से पूरी तरह आंखें मूंदे हुए है।

जानकारी के मुताबिक छह युवक दिनदहाड़े चौराहे पर बैठकर सट्टे की पर्चियां लिखते हैं। इस पूरे नेटवर्क को पहले सट्टा प्रकरणों में जेल जा चुके कुख्यात सटोरियों के वारिस द्वारा संचालित किया जा रहा है। चौकी से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर चल रहे इस अवैध कारोबार से इलाके के युवा बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह जगह अब सट्टेबाजी का स्थायी अड्डा बन चुकी है। सुबह से रात तक यहां पर्चियां लिखी जाती हैं, नंबर खुलने का इंतजार होता है और पैसा हाथों-हाथ बदलता है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि चौकी इतनी नजदीक होने के बावजूद पुलिस की कोई गश्त या कार्रवाई नजर नहीं आती।

आमजन का कहना है कि सट्टा अब नशे की तरह युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। कई परिवारों के युवा कर्ज में डूब चुके हैं। लोग बार-बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी होती है।

नागरिकों ने जिला पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासन से मांग की है कि सरवानिया महाराज क्षेत्र में चल रहे इस अवैध सट्टा गिरोह पर तत्काल प्रभाव से छापेमार कार्रवाई की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस काले धंधे से बचाया जा सके।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब अपनी नींद से जागता है और इस खुले आम चल रहे जुए के अड्डे पर ताला लगाता है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!