मंदसौर। शामगढ़ में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दोस्ती के नाम पर चाकू की नोक पर अश्लील वीडियो बनाने और फिर 5 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग करने के मामले में शुक्रवार को पूरा शहर बंद रहा। आक्रोशित लोगों व हिंदूवादी संगठनों ने आरोपियों का घर तुड़वाने और उनका पैदल जुलूस निकालने की मांग को लेकर थाने के बाहर देर शाम तक प्रदर्शन किया। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और 11 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली 16 वर्षीय पीड़िता ने परिजनों के साथ शामगढ़ थाने में दी शिकायत में बताया कि राव कॉलोनी निवासी रिहान उर्फ रिहान अब्बासी पिता शाकिर अब्बासी से करीब 3 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद आरोपी उसके घर आने-जाने लगा और दोनों के फोटो खींच लिए।
5 सितंबर 2025 की शाम जब घर में कोई नहीं था, रिहान घर में घुस आया और चाकू की नोक पर पीड़िता का अश्लील वीडियो बना लिया। कुछ दिन बाद उसने अपना दोस्त बाबू उर्फ बाबू शाह पिता निजाम शाह को भी वीडियो दिखाया और दोनों ने मिलकर 5 लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने घर में रखे नकद 2 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए, लेकिन फिर भी उन्होंने 3 लाख रुपये और मांगे। धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर देंगे। आखिरकार आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया, जो पीड़िता के मामा और पिता के मोबाइल पर भी पहुंच गया। इसके बाद परिजनों को पूरी बात पता चली और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
आज दूसरे दिन भी शहर बंद
मामले की जानकारी जैसे ही बाहर आई, शुक्रवार सुबह से शामगढ़ बंद हो गया। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोग थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों के घर गिराने तथा उनका पैदल जुलूस निकालने की मांग पर अड़े रहे। शनिवार को दूसरे दिन भी बाजार बन्द रहे और लोग आरोपियों के घर तोड़ने की मांग पर अड़े हुए है।
एएसपी हेमलता कुरील, एसडीओपी दिनेश प्रजापति सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। देर शाम करीब 7:30 बजे प्रदर्शनकारी थाने से हटे और आगे की रणनीति पर बैठक की।
12 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
शामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बालिग आरोपियों रिहान और बाबू को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाते समय दोनों लड़खड़ा रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग, आपराधिक धमकी, चाकू दिखाकर डराना सहित कुल 11 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी का बयान
मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा, “दोनों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं। 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सभी वैधानिक कार्रवाइयां की जा रही हैं। मामले में जो भी कानूनी प्रावधान हैं, उनका सख्ती से पालन होगा।”
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









