मंदसौर। थाना नाहरगढ़ पुलिस ने 18 जुलाई 2025 को हुई भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ की बेरहमी से हत्या के अंधे कत्ल का बड़ी सफ़लता से खुलासा किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश खुद मृतक के पिता दौलतराम धाकड़ ने रची थी। कारण – बेटे का गांव की एक महिला से अवैध संबंध और अपनी जमीन-मकान उसके नाम करने का डर तथा समाज में बदनामी। पुलिस ने पिता सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या सुपारी के रूप में 5 लाख रुपये देकर कराई गई थी।
हत्या की पूरी साजिश
पुलिस के अनुसार मृतक श्यामलाल का गांव की एक महिला से संबंध था। इस बात से नाराज पिता दौलतराम धाकड़ ने सहयोगी गोपाल धाकड़ के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। दौलतराम ने रंगीलाल बाछड़ा, सुमित बाछड़ा और अटलू बाछड़ा को 5 लाख रुपये की सुपारी दी।

17-18 जुलाई 2025 की मध्यरात्रि को सुमित और अटलू अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से रातीतलाई से हिंगोरिया बड़ा पहुंचे। मोटरसाइकिल दौलतराम के घर से कुछ दूरी पर खड़ी की और सीढ़ियों के रास्ते छत पर बने कमरे में सोते हुए श्यामलाल पर कुल्हाड़ी व चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। सिर, गला और कान पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपी
1. दौलतराम धाकड़ (पिता) – हिंगोरिया बड़ा
2. गोपाल धाकड़ – हिंगोरिया बड़ा
3. रंगीलाल बाछड़ा – रातीतलाई
4. सुमित बाछड़ा – रातीतलाई
5. अटलू बाछड़ा – रातीतलाई
मामला थाना नाहरगढ़ में अपराध क्रमांक 270/2025 धारा 103 बीएनएस के तहत दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
टीम में प्रआर अर्जुन सिंह (121), रमीज राजा (116), राकेश शर्मा (295), दिलावर सिंह (608), जीवन राठौर (72), साइबर सेल से उनि रितेश नागर सहित अन्य आरक्षकों ने सराहनीय भूमिका निभाई।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









