पिपलियामंडी पुलिस ने एक किलो अफीम के साथ तस्कर को पकड़ा, पुलिस वाहन देखकर भागने लगा युवक, घेराबंदी कर दबोचा; NDPS एक्ट में मामला दर्ज
मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने एक युवक को 1 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कीपेड मोबाइल भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के पर्यवेक्षण और एसडीओपी मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन में पिपलियामंडी थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
पुलिस टीम 5 सितंबर 2026 को देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी सम्पवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की ओर से एक युवक पीठ पर काले रंग का पिठ्ठू बैग लेकर आता दिखाई दिया।
बताया गया कि युवक ने जैसे ही पुलिस वाहन को देखा, वह अचानक वापस मुड़कर हाईवे रोड स्थित ओवरब्रिज की तरफ भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम करण पिता कान्तीलाल भील उम्र 23, निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 1 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही एक कीपेड मोबाइल भी जब्त किया गया।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी करण भील को गिरफ्तार कर थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 8/18 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से अफीम की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त सामग्री
1 किलोग्राम अवैध अफीम – अनुमानित कीमत ₹1,00,000
एक कीपेड मोबाइल – कीमत करीब ₹1,000
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने सहित पिपलियामंडी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








