रतलाम-मंदसौर-मुंबई ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार: संयुक्त ऑपरेशन में 10 किलो एमडी जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मन्दसौर से जुड़े मुम्बई ड्रग्स सिंडिकेट कनेक्शन, सुरजनी के भय्यू लाला की तलाश में मुम्बई की मुंब्रा पुलिस ने दी थी दबिश

दशपुर दिशा । दीपक सोनी

रतलाम। जिले में मादक पदार्थ एमडी की तस्करी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। मुंबई की मुंब्रा पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने रतलाम पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई में मंदसौर जिले के दो तस्करों को धर दबोचा। इनके कब्जे से 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी बाजार में भारी कीमत आंकी जा रही है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, 11 जनवरी 2026 को मुंब्रा थाना क्षेत्र में 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी पकड़ा गया। पूछताछ में मंदसौर का कनेक्शन सामने आया। अगले दिन मुंबई में ही 3.50 किलो एमडी ड्रग्स जब्त हुई। जांच से पता चला कि यह सिंडिकेट मंदसौर से मुंबई और अन्य शहरों में एमडी सप्लाई कर रहा था।

इस आधार पर मुंबई पुलिस की टीम, एपी जादव के नेतृत्व में, मंगलवार दोपहर मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के सूरजनी गांव पहुंची। यहां मुख्य तस्कर भय्यू लाला और उसके दो साथी मौके से भाग निकले और जावरा की ओर बढ़ गए। मुंबई पुलिस ने तुरंत रतलाम पुलिस से मदद मांगी।

रतलाम एएसपी विवेक कुमार लाल के निर्देशन में जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, हुसैन टेकरी पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप देथलिया और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त ऑपरेशन छेड़ा। हुसैन टेकरी क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान मनोहर गुर्जर निवासी सुखाखेड़ा और जाजू सुल्तान निवासी तितरोद, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 10 किलो एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

भय्यू लाला फरार हो गया। पुलिस ने देर रात तक मंदसौर जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की, लेकिन अभी तक उसे पकड़ नहीं सका। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि बड़े सिंडिकेट के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और फाइनेंशियल लिंक का खुलासा हो सके। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में एमडी ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस की सतत मुहिम का हिस्सा है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!