100 पेटी देशी मसाला और 100 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद, कुल 1800 बल्क लीटर शराब की कीमत 10 लाख रुपए; चालक वाहन छोड़कर फरार
मंदसौर। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अफजलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 पेटी अवैध देशी शराब से भरी बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन से कुल 1800 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को अफजलपुर थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की और संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को नई आबादी अफजलपुर मार्ग की ओर मोड़ दिया। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। रास्ता बंद होने पर चालक बोलेरो पिकअप को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरी मिली।
200 पेटी शराब बरामद
पुलिस ने बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 70 जी 0315 से कुल 200 पेटी अवैध शराब जब्त की। इनमें 100 पेटी देशी मसाला शराब, जिसकी मात्रा 900 बल्क लीटर, तथा 100 पेटी देशी प्लेन शराब, जिसकी मात्रा 900 बल्क लीटर है। इस तरह कुल 1800 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
जब्त शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए तथा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
अफजलपुर पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
कुल 16 लाख रुपए का मश्रुका जब्त
200 पेटी अवैध देशी शराब — 1800 बल्क लीटर, कीमत करीब 10 लाख रुपए
बोलेरो पिकअप एमपी 70 जी 0315 — कीमत करीब 6 लाख रुपए
कुल जब्त मश्रुका — करीब 16 लाख रुपए
इस कार्रवाई में अफजलपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में की गई।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








