100 CCTV फुटेज खंगाले, 48 घंटे में खुलासा; पिपलियामंडी पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के दो शातिर दबोचे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

48 घंटे में 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर किया खुलासा, 4.62 लाख के सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद; वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त

मंदसौर। पिपलियामंडी पुलिस ने दिनदहाड़े सूने मकानों में नकबजनी करने वाले दो शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर ग्राम बालागुढ़ा और उमरिया में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी सहित कुल 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का चोरी गया मश्रुका तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, कीमत करीब 1 लाख रुपए बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को बालागुढ़ा निवासी संदीप प्रजापत के सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर व नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसी दिन उमरिया निवासी पन्नालाल मालवीय के मकान में भी नकबजनी की वारदात सामने आई। दोनों मामलों में थाना पिपलियामंडी पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने महज 48 घंटे के भीतर क्षेत्र के 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मिथुन बाबू उर्फ अल्ताफ और इजराइल उर्फ कालू मोहम्मद को गिरफ्तार किया।

15 से 20 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड ICJS पोर्टल पर खंगालने पर उनके खिलाफ मंदसौर, नीमच सहित राजस्थान के चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराधों के प्रकरण सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में 15 से अधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दिन के समय मोटरसाइकिल से मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों के गांवों में घूमते थे। सूना मकान दिखाई देने पर एक आरोपी ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करता था, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल पर बैठकर आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 15 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे और मुख्य रूप से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी को निशाना बनाते थे।

5.62 लाख रुपए का मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों से संबंधित 4,62,150 रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, कीमत करीब 1 लाख रुपए, भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 5,62,150 रुपए का मश्रुका जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी-
1. मिथुन बाबू उर्फ अल्ताफ, उम्र 38 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान।
2. इजराइल उर्फ कालू मोहम्मद, उम्र 40 वर्ष, निवासी पितलवाड़ी कला, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, उप निरीक्षक रितेश डामोर, उप निरीक्षक जया भारद्वाज सहित पिपलियामंडी थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में जिला नीमच एवं राजस्थान पुलिस की टीम ने भी सहयोग किया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!