खाकी से भिड़ंत भारी पड़ी: नशे में बाइक दौड़ाई, ट्रैफिक टीआई के हाथ में फ्रैक्चर; आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जावरा। शहर की सड़कों पर नशे में बाइक चलाने और पुलिस की समझाइश को ठुकराने का मामला एक बाइक चालक को भारी पड़ गया। बुधवार दोपहर चौपाटी क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने जब उसे रोका, तो वह पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गया। झूमाझटकी में ट्रैफिक टीआई रविशंकर वर्मा के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गांधी कॉलोनी निवासी राजेश सिंह चौहान उम्र 50 पल्सर बाइक पर रतलाम रोड से चौपाटी की ओर जा रहा था। वह बाइक लहराते हुए चल रहा था। पेट्रोल पंप के सामने ट्रैफिक जवान महेश धाकड़ और दीपेंद्र सिंह ने उसे रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन चालक ने सहयोग करने के बजाय विवाद शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे ट्रैफिक टीआई रविशंकर वर्मा ने शराब पीने की आशंका जताते हुए जांच कराने को कहा। इसी बात पर राजेश सिंह गाली-गलौज पर उतर आया और झूमाझटकी शुरू हो गई। खींचतान में टीआई वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

पुलिसकर्मियों ने आरोपी को भागने नहीं दिया और सिटी थाने ले गए। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1), 296बी और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई की गई।
जांच अधिकारी एसआई ओपी राठौर के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!