दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम जिले की ग्राम पंचायत मांगरोल में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित एक युवक ने पंचायत भवन के कार्यालय में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में कार्यालय में रखा कम्प्यूटर, फर्नीचर, महत्वपूर्ण फाइलें व अन्य सरकारी सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 26 दिसंबर 2025 की सुबह करीब साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच की है। आगजनी की पूरी घटना किसी ग्रामीण ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड भी कर ली, जिसमें युवक पंचायत कार्यालय में घुसते, आग लगाते और बाहर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
आरोपी की पहचान 40 वर्षीय गोपाल डामर पिता राधेश्याम डामर, निवासी ग्राम मांगरोल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गोपाल सुबह पेट्रोल से भरी बोतल और माचिस लेकर पंचायत कार्यालय पहुंचा था। वह किसी बात को लेकर जोर-जोर से कहासुनी कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाकर बाहर निकालते हुए कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह दोबारा अंदर घुसा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की लपटें उठते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार्यालय में रखा टेबल, कम्प्यूटर, फाइलें व अन्य सामग्री जल चुकी थी। आगजनी के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसी दौरान सालाखेड़ी चौकी प्रभारी एसआई जगदीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का आरोप
पुलिस पूछताछ में आरोपी गोपाल डामर ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उसने यह भी कहा कि आर्थिक तंगी के चलते उसके नाबालिग पुत्र को मजदूरी करनी पड़ रही है, जिससे वह मानसिक तनाव में था।

पंचायत में सभी के काम हो रहे हैं — सरपंच
ग्राम पंचायत मांगरोल की सरपंच गायत्री चौधरी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पंचायत में आने वाले सभी पात्र हितग्राहियों के कार्य नियमानुसार किए जा रहे हैं। गोपाल द्वारा जिन मांगों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, वे नियमों के तहत संभव नहीं थीं। उन्होंने बताया कि गोपाल मृत्यु प्रमाण-पत्र की मांग कर रहा था, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित है। इसके अलावा किसान योजना और कुटिया जैसी मांगें भी पंचायत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं।
सरपंच के अनुसार आरोपी पेट्रोल लेकर कार्यालय आया था, जिसे समझाकर बाहर निकालते हुए दरवाजा बंद किया गया था, लेकिन उसने दोबारा अंदर घुसकर आग लगा दी।
प्रकरण दर्ज, जांच जारी
सालाखेड़ी चौकी प्रभारी एसआई जगदीश यादव ने बताया कि आगजनी से पंचायत कार्यालय का सरकारी सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। ग्राम पंचायत के सहायक सचिव की शिकायत पर आरोपी गोपाल डामर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 221, 296, 326(छ), 351(3) एवं लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









