दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मंदसौर। नगर परिषद भानपुरा के शताब्दी मार्केट और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों ने मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखकर नगर परिषद के एक फैसले का विरोध जताया। व्यापारियों ने नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “नगरपरिषद की गुंडागर्दी नहीं चलेगी और नगर परिषद हाय-हाय” के नारे लगाए।
विरोध का कारण नगर परिषद के सीएमओ जितेंद्र सिंह राणा द्वारा दुकान मालिकों को अचानक भेजे गए सूचना पत्र हैं, जिसमें दुकानों के बाहर लगे टीन शेड को हटाने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों का कहना है कि ये टीन शेड वर्षों से कॉम्प्लेक्स के एमओएस (मार्जिन ऑफ सेटबैक) की सीमा के भीतर लगे हैं और इन्हें अतिक्रमण की श्रेणी में नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद नगर परिषद ने इन्हें हटाने का आदेश जारी किया, जिससे दुकानों में व्यापार करने वाले व्यापारी आहत हैं।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चंबल चौराहे से लेकर पुलिस थाने तक फैले अतिक्रमण पर नगर परिषद कोई कार्रवाई नहीं कर रही, लेकिन शताब्दी मार्केट और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स के टीन शेड को निशाना बनाया जा रहा है। व्यापारियों ने इस भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ एकजुट होकर दुकानें बंद रखीं और नगर परिषद के फैसले का कड़ा विरोध दर्ज कराया।
व्यापारियों ने मांग की है कि नगर परिषद अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और निष्पक्षता के साथ अतिक्रमण के मुद्दे पर कार्रवाई करे। विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो चंबल चौराहे से लेकर पुलिस थाने तक का अतिक्रमण नप को हटाना पड़ेगा।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









