मंदसौर। जिले में डोडाचूरा तस्करी के एक फरार आरोपी प्रकाश पाटीदार के नेताओं के साथ सार्वजनिक मंच पर नजर आने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को ग्राम पंचायत बालागुड़ा में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में आरोपी प्रकाश पाटीदार न केवल मौजूद था, बल्कि उसने सांसद सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार सहित अन्य भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इन तस्वीरों और वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।
पिपलियामंडी पुलिस ने कुछ समय पहले 6 क्विंटल डोडाचूरा जब्त कर राहुल उर्फ भूरालाल देवदा और भरत उर्फ मोती देवदा को गिरफ्तार किया था। इस मामले में प्रकाश पाटीदार निवासी बालागुड़ा और उमरावसिंह निवासी तलाऊ पिपलिया को भी आरोपी बनाया गया था, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे थे। पूर्व एसपी अभिषेक आनंद ने विवेचक नितिन कुमावत का तबादला करते समय केस डायरी नई आबादी थाने को सौंप दी थी।

मीडिया में खबरों के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर पिपलियामंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा तस्करी के फरार आरोपी प्रकाश पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









