गरोठ नगरपरिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के ‘3 साल बेमिसाल’ के दावों की अपने ही पार्षद ने खोली पोल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाथों में लोहे को जंग और इंसान को घमंड खा जाता है, हर वार्ड आपक भेदभाव न करे जैसी तख्तियां लेकर जनता उतरी सड़कों पर

दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
गरोठ। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के ‘तीन साल बेमिसाल’ के नारे और दिखावे के बीच रविवार को चाट चौपाटी पर आयोजित लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में हाई वॉल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मंच पर सजे आयोजन में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद पूजा गुर्जर के पति व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष कमलेश गुर्जर ने वार्डवासियों के साथ मिलकर ‘राजेश सेठिया होश में आओ’ के नारे लगाए। तख्तियां लेकर पहुंचे वार्डवासियों ने सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान न होने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पार्षद प्रतिनिधि का आरोप: भेदभाव और भ्रष्टाचार का बोलबाला
कमलेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में वर्षों से सीसी रोड, नाली और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं बनी हुई हैं। कई बार लिखित और मौखिक शिकायतों के बावजूद नगर परिषद ने कोई समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा, “दो साल पहले हुए सीसी रोड के टेंडर अब तक शुरू नहीं हुए। पूरे नगर में विकास के नाम पर केवल झूठे दावे किए जा रहे हैं। वार्ड 1 से 15 तक हर जगह यही हाल है। जहां सड़कें बनीं, वहां नालियां अधूरी हैं, और जहां नालियां बनीं, वहां सड़कें अधूरी हैं। कुछ सड़कों में तो 6 महीने में ही दरारें आ गईं, जैसे वार्ड 1 का खड़ावदा रोड और बोलिया रोड का सीसी नाला, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुके हैं।”

मंच पर हुई किरकिरी, विधायक ने संभाला मोर्चा
विरोध बढ़ता देख विधायक सिसोदिया ने मंच से उतरकर प्रदर्शनकारियों से बात की और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। हालांकि, सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नगर अध्यक्ष की नीतियों और कार्यशैली की पोल खुलने से मंच पर मौजूद नेताओं की स्थिति असहज हो गई। आयोजन एक पल के लिए ठहर सा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक वरिष्ठ नेता ने भी कार्यक्रम के अतिथियों से विकास न होने की शिकायत दर्ज करवाई।

मंडल अध्यक्ष की अनुपस्थिति ने बढ़ाई चर्चाएं
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोकुल सिंह चौहान की अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े किए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म रहीं। जनता में यह धारणा बनी कि यह आयोजन अब ‘बेमिसाल’ के दावों का पर्दाफाश करने वाला बन गया। कार्यक्रम से पूर्व में सोशल मीडिया पर कार्यक्रम के फ्लेक्स में मण्डल अध्यक्ष का फोटो नहीं लगाने की भी चर्चा चली थी, लेकिन इसके बाद सुधार कर मंडल अध्यक्ष का फोटो लगा दिया गया था।

पार्षद प्रतिनिधि का बयान
वार्ड नंबर 3 के पार्कषद प्रतिनिधि कमलेश गुर्जर ने कहा, “मेरे वार्ड में नगर परिषद अध्यक्ष का रवैया शुरू से भेदभावपूर्ण रहा है। कार्य आदेश के बाद भी दो साल से कई काम रुके पड़े हैं। वार्डवासी रोज मेरे पास शिकायत लेकर आते हैं। हजारों प्रयासों के बाद भी जब अध्यक्ष अपनी मनमानी से बाज नहीं आए, तो मुझे वार्डवासियों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा।”

फ्लेक्स में फोटो नपाध्यक्ष के विवेक पर निर्भर है
हमारे प्रतिनिधि ने जब मंडल अध्यक्ष गोकुल सिंह चौहान से इस संबंध में चर्चा की तो उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन की बैठक की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में नहीं जा पाया, रही बात कार्यक्रम के फ्लेक्स में फोटो गायब होने की तो वो नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश सेठिया के विवेक पर निर्भर करता है। गोकुल सिंह चौहान,मंडल अध्यक्ष गरोठ

पार्टी की छवि खराब करने के लिए किया प्रदर्शन
एक अखबार को दिए कथन में नगरपरिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया ने बताया कि पार्टी की छवि खराब करने के लिए प्रदर्शन किया गया है, किसी के बहकावे में आकर। हमारे द्वारा सभी वार्डो में विकास कार्य करवाया जा रहा है। पूरे मामले की शिकायत पार्टी के पदाधिकारी को दर्ज करवाऊंगा – राजेश सेठिया अध्यक्ष नप गरोठ

गरोठ में पहली बार किसी नगर अध्यक्ष को मंच पर इस तरह खुले विरोध का सामना करना पड़ा। विकास के दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर इस आयोजन में साफ नजर आया। जनता और पार्षदों का आक्रोश इस बात का संकेत है कि नगर परिषद को अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर गंभीरता से विचार करना होगा।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!