नारायणगढ़ का अंजुमन सदर तस्करी में गिरफ्तार, 22 किलो डोडाचूरा जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नारायणगढ़। मंदसौर जिला पुलिस ने मल्हारगढ़ रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया। इस मामले में मुख्य आरोपी फिरोज खां (40) को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी शहजाद हुसैन और शाकिर खां फरार हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, मल्हारगढ़ नरेंद्रसिंह सोलंकी के निर्देश पर थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक कारुलाल प्रजापति और उनकी टीम ने 9 अगस्त 2025 को मल्हारगढ़ रोड पर बालाजी मंदिर के सामने नाकाबंदी की। मुखबिर की सूचना पर एक सिल्वर रंग की मारुति 800 कार क्रमांक MP 14 CB 2398 को रोका गया। तलाशी के दौरान कार चालक फिरोज खां, पिता अजीज खां कबाड़ी, निवासी झण्डागली, नारायणगढ़, के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 22 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 35,000 रुपये है। इसके साथ ही एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड फोन (कीमत 10,000 रुपये) और परिवहन में प्रयुक्त मारुति 800 कार (कीमत 1,00,000 रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्त माल की कीमत 1,43,000 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में फिरोज खां ने बताया कि वह डोडाचूरा शहजाद हुसैन, पिता अबरार हुसैन मंसूरी, और शाकिर खां, पिता शहादत खां कबाड़ी अंजुमन व मस्जिद सदर, दोनों निवासी नारायणगढ़, को स्टेशन रोड, मल्हारगढ़ पर उनके निवास स्थान पर पहुंचाने वाला था। दोनों आरोपी मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

नारायणगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी फिरोज खां के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और फरार आरोपियों शहजाद हुसैन व शाकिर खां के खिलाफ धारा 8/15/29 के तहत अपराध क्रमांक 178/2025 दर्ज किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक भारत भाभर को सौंपी गई है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कारुलाल प्रजापति के साथ आरक्षक आनंद मालवीय (874), आरक्षक चालक हुकुमसिंह (689), और आरक्षक वीरेंद्रसिंह (704) का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करने का संकल्प लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!