मंदसौर। जब से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) मन्दसौर में प्रभारी प्राचार्य डॉ.ज्योति स्वरूप दुबे पदस्थ हुए है तब से अपनी मनमानी चलाकर इनके द्वारा कोई न कोई एक तरफ़ा ऐसे फैसले लिए जा रहे है जिनसे कॉलेज विवादों में बना रहता है। कभी कॉलेज के खेल का मैदान का नाम बदल देते है तो कभी खेल मैदान में तैयारी करने वाले खिलाड़ियों से राशि की अवैध मांग करने लग जाते है। डॉ.दुबे के एक तरफा और मनमाने निर्णयों का हर बार विरोध होता है फिर ये बैकफुट पर आ जाते है।
गत दिवस कॉलेज परिसर में एक सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया गया। अपनी मनमानी से कॉलेज का जो मूल नाम है उसे ही हटा दिया गया। इस बोर्ड की मुख्य बात ये है कि इसको कॉलेज परिसर के अंदर लगवाया गया जबकि ये कॉलेज के मुख्य द्वार के पास बाहर लगाया जाना था ताकि इसको सड़क से आते जाते लोग भी देखते रहे। लेकिन इसको मनमानी कर कॉलेज परिसर के अंदर लगा दिया गया।

आज स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया मंदसौर के जिला अध्यक्ष मंथन धनोतिया के नेतृत्व में NSUI के प्रतिनिधिमंडल ने आज कॉलेज के प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन राजीव गांधी PMCOE परिसर में नव-स्थापित LED बोर्ड से देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी का नाम हटाए जाने के विरोध में दिया गया है।
NSUI जिला अध्यक्ष मंथन धनोतिया ने बताया कि कॉलेज परिसर में हाल ही में एक नया LED बोर्ड लगाया गया है, जिससे जानबूझकर हमारे प्रेरणास्रोत और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी का नाम गायब कर दिया गया है। यह कृत्य न केवल इस प्रतिष्ठित संस्थान की मूल पहचान के खिलाफ है, बल्कि देश के प्रति उनके महान योगदान का भी खुला अनादर है। इस घटना से समस्त छात्र जगत और संस्थान से जुड़े नागरिकों की भावनाएं गहरी आहत हुई हैं।
72 घंटे का अल्टीमेटम-NSUI ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस संवेदनशील मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए। ज्ञापन सौंपने के 72 घंटे के भीतर यदि LED बोर्ड पर सम्मानपूर्वक ‘राजीव गांधी’ जी का नाम पुनः स्थापित नहीं किया गया, तो समस्त छात्र उग्र आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस स्थिति में होने वाले किसी भी विवाद या अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर दुर्गाशंकर धाकड़, अरबाज मंसूरी, मनीष गुर्जर, लक्ष्य कुमावत, विनोद मालवीय सहित अन्य NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









