अंतिम विदाई के लिए भी छत नसीब नहीं! बारिश में अधूरी रह गई बुजुर्ग की चिता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुक्तिधाम में नहीं है बारिश से बचाव की व्यवस्था, परिजनों ने टायर और करीब 3 हजार रुपये का पेट्रोल जुटाकर चिता जलाने का किया प्रयास

शामगढ़। तहसील क्षेत्र के ग्राम कुंडला खुर्द से रविवार को एक मार्मिक मामला सामने आया, जहां मुक्तिधाम में शेड के अभाव के चलते एक बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार बारिश के बीच अधूरा रह गया। तेज बारिश के कारण चिता पूरी तरह नहीं जल सकी। परिजनों और ग्रामीणों ने चिता जलाने के लिए टायर और करीब 3 हजार रुपये का पेट्रोल तक जुटाया, लेकिन लगातार बारिश के चलते उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुंडला खुर्द निवासी करीब 65 वर्षीय भूमि बाई प्रजापति का रविवार को निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव के मुक्तिधाम लेकर पहुंचे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। मुक्तिधाम में बारिश से बचाव के लिए शेड नहीं होने के कारण चिता को जलाए रखना मुश्किल हो गया और चिता पूरी तरह नहीं जल पाई।

परिजनों ने बारिश के बीच चिता को जलाने का काफी प्रयास किया। इसके लिए टायरों के साथ करीब 3 हजार रुपये का पेट्रोल भी जुटाया गया, लेकिन बारिश लगातार जारी रहने से चिता नहीं जल सकी। इस घटना से परिजन और ग्रामीण बेहद व्यथित नजर आए।

मृतका के पोते पप्पू प्रजापति ने बताया कि मुक्तिधाम तक पहुंचने वाला रास्ता भी खराब है। इसके अलावा मुक्तिधाम में बारिश से बचाव के लिए शेड नहीं होने से अंतिम संस्कार के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत से कई बार शेड निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 20 दिनों में इस मुक्तिधाम से लगभग चार शव यात्राएं निकल चुकी हैं। बारिश के दौरान शेड के अभाव में अंतिम संस्कार प्रभावित होने की समस्या सामने आती रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मुक्तिधाम का निर्माण कई महीनों से चल रहा है, लेकिन अभी तक शेड का निर्माण पूरा नहीं हुआ है।

पप्पू प्रजापति ने सवाल उठाते हुए कहा, “आज मेरी दादी की चिता अधूरी जल पाई, इसकी जवाबदारी कौन लेगा?”

मामले ने ग्राम पंचायत की व्यवस्थाओं और मुक्तिधाम में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मुक्तिधाम में शीघ्र शेड का निर्माण कराया जाए तथा रास्ते सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बारिश के मौसम में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के दौरान ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!