कचनारा में मावे के लड्डू खाने से 35 लोग बीमार, 21 मंदसौर रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोद भराई कार्यक्रम में भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत, प्रशासन ने लड्डू और मावे के नमूने जांच के लिए भेजे

मंदसौर। दलौदा तहसील के ग्राम कचनारा में गोद भराई कार्यक्रम के दौरान मावे के लड्डू खाने के बाद करीब 35 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 21 लोगों को मंदसौर रेफर किया गया। बीएमओ डॉ.अभिषेक जैन के अनुसार, सभी मरीजों की स्थिति अब सामान्य है। घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। लड्डू और उन्हें बनाने में इस्तेमाल किए गए मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

भोजन के दो से ढाई घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
तहसीलदार बृजेश मालवीय ने बताया कि ग्राम कचनारा में बसंतीलाल राठौर के घर गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में करीब 85 लोगों के लिए भोजन तैयार किया गया था। गुरुवार को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच लोगों ने भोजन किया। इसके करीब दो से ढाई घंटे बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
इसके बाद प्रभावित लोगों को नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मरीजों की स्थिति को देखते हुए 21 लोगों को बेहतर उपचार के लिए मंदसौर रेफर किया गया। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार, मावा बुधवार सुबह खरीदा गया था और उसी रात उससे लड्डू तैयार किए गए थे। गुरुवार को कार्यक्रम में लोगों ने भोजन के साथ ये लड्डू खाए। घटना के बाद मावे की गुणवत्ता को लेकर आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

लड्डू और मावे के नमूने लिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में तैयार किए गए मावे के लड्डुओं के साथ ही मावा खरीदने के स्थान से भी नमूने लिए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि खाद्य सामग्री में किसी तरह की गड़बड़ी थी या नहीं।

मावे के सुरक्षित उपयोग को लेकर जारी होगी एडवाइजरी
नायब तहसीलदार रवि पटेल ने बताया कि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी करने की तैयारी है। इसमें दुकानों से खरीदे जाने वाले मावे के सुरक्षित भंडारण, निर्धारित समय में उपयोग और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखने संबंधी जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!