पहली बार टीआई स्तर के अधिकारी की तैनाती, रक्षाबंधन से पहले भारी वाहनों पर लगाई रोक; अब जाम और अव्यवस्था पर नियंत्रण की चुनौती
जयपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जावरा में पहली बार ट्रैफिक टीआई की पदस्थापना की गई है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रविशंकर वर्मा को यातायात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। पदभार संभालते ही वर्मा ने यातायात व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है।

एक लाख से अधिक आबादी वाले जावरा में तहसील मुख्यालय होने के कारण रोजाना आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बाजार, प्रमुख मार्ग और व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ते वाहन दबाव के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में पहली बार टीआई स्तर के अधिकारी की तैनाती को यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
मोनिका सिंह के तबादले के बाद प्रभावित हुई थी व्यवस्था
इससे पहले यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सूबेदार मोनिका सिंह चौहान संभाल रही थीं। उनकी पदोन्नति एवं स्थानांतरण के बाद व्यवस्था प्रभावित हुई थी। अब नवागत टीआई रविशंकर वर्मा के सामने शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
स्थानीय ट्रैफिक चौकी में टीआई वर्मा के साथ एक सब इंस्पेक्टर, दो प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक सहित कुल पांच पुलिसकर्मियों का बल उपलब्ध है। हालांकि शहर के यातायात दबाव के मुकाबले यह बल सीमित है, लेकिन प्रभावी प्लानिंग और सख्त निगरानी से व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
रक्षाबंधन से पहले सड़क पर दिखी सख्ती
पदभार संभालने के बाद यातायात पुलिस की सक्रियता भी नजर आई। रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुरुवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों की शहर में एंट्री रोक दी गई। त्योहार के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम और यातायात अव्यवस्था से परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर मोर्चा संभालकर भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। इससे बाजार क्षेत्र में यातायात को नियंत्रित रखने में मदद मिली।
अवैध पार्किंग और जाम पर लगाम लगाना बड़ी चुनौती
जावरा की यातायात व्यवस्था के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। अवैध पार्किंग, बाजारों में बढ़ता वाहन दबाव, भारी वाहनों की आवाजाही और पीक ऑवर में लगने वाला जाम लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए हैं।
अब देखना होगा कि नवागत ट्रैफिक टीआई इन चुनौतियों से किस तरह निपटते हैं। पहली बार टीआई स्तर के अधिकारी की तैनाती के बाद शहरवासियों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि यह नई व्यवस्था महज पदस्थापना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जावरा की सड़कों पर अनुशासन, सुगम यातायात और जाम से स्थायी राहत भी देखने को मिलेगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








