कुख्यात कंजर गैंग के तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, 60 लीटर जहरीली शराब, देशी कट्टा और चोरी का माल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान में सुवासरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 60 लीटर हाथ-भट्टी की जहरीली शराब के साथ कुख्यात कंजर गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल 12 बोर देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, सोलर प्लांट से चुराई गई बिजली केबल सहित अन्य चोरी का माल बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
1. दिलीप पिताा जमुना कंजर, निवासी मुण्डला कंजर डेरा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
2. बंटी उर्फ राम पिता मीणा कंजर, निवासी मुण्डला कंजर डेरा, थाना गंगधार, झालावाड़
3. राहुल पिता रामचन्द्र कंजर, निवासी मुण्डला कंजर डेरा, थाना गंगधार, झालावाड़

ये सभी आरोपी मुण्डला कंजर डेरे के रहने वाले हैं और एक सक्रिय अंतरराज्यीय गैंग के रूप में काम करते हैं। ये चोरी की वारदातों को अंजाम देते समय हमेशा हथियार साथ रखते हैं ताकि ग्रामीणों में दहशत पैदा कर सकें।

आरोपियों ने कबूले ये बड़े अपराध
– अक्टूबर 2025 में सेमलीकाकड़ के सोलर प्लांट से बिजली केबल चोरी
– 22 नवंबर 2025 को बसई घाट क्रेशर से ट्रैक्टर चोरी के प्रयास के दौरान ड्राइवर को डराने के लिए 12 बोर कट्टे से हवाई फायरिंग
– भानपुरा पंजाबी कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी
– गरोठ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलते ट्रक-कंटेनर से पार्सल चोरी

कैसे पकड़े गए
4 दिसंबर 2025 को थाना सुवासरा के उनि. केरूसिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि मुण्डला डेरा से कुछ कंजर प्लास्टिक की केनों में अवैध शराब लेकर रावतखेड़ा जंगल की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को 60 लीटर जहरीली कच्ची शराब (6 प्लास्टिक केनों में) के साथ धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने एक-एक कर ऊपर बताए सभी अपराध कबूल कर लिए। उनकी निशानदेही पर चोरी की केबल और हथियार भी बरामद कर लिया गया।

आरोपियों के खिलाफ थाना सुवासरा में अपराध क्रमांक 370/25 धारा 49(ए) आबकारी अधिनियम के साथ-साथ चोरी, डकैती के प्रयास, आर्म्स एक्ट आदि की धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपियों का पहले से भी कई जिलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। उनसे क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों के बारे में गहन पूछताछ जारी है।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक अनिल रघुवंशी, उनि. केरूसिंह रावत, उनि. रतनलाल कटारा, सउनि. सोहनसिंह सोलंकी, सउनि. नरेन्द्र मकवाना, सउनि. अशोक उईके, प्रआ. सुरेन्द्र सिंह, आ. अनिल यादव एवं आ. भेरूलाल का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!