धमाके की दहशत: 25 साल पुराने क्लोरीन सिलेंडर से गैस लीक, इंडस्ट्रियल एरिया में भगदड़ — विधायक, कलेक्टर, एसपी मौके पर; मजदूर बेहोश, फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। रतलाम नाका स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब फिरोक एंड सलमेट पाउडर बनाने वाली एक प्राइवेट फैक्ट्री में क्लोरीन गैस का अचानक रिसाव हो गया। बताया जा रहा है कि 20–25 साल पुराने गैस सिलेंडर के फटने जैसे रिसाव से पूरा इलाका देखते ही देखते धुआँ-धुआँ हो गया।

गैस तेज़ी से फैली तो इंडस्ट्रियल एरिया में भगदड़ जैसे हालात बन गए। मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। हवा के रुख के साथ गैस आसपास की फैक्ट्रियों तक पहुँच गई, जिसके चलते करीब 10 फैक्ट्रियों को तुरंत खाली कराया गया। गैस की चपेट में मजदूर, हम्माल और यहाँ तक कि फायर ब्रिगेड के तीन कर्मचारी भी आ गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया। तीनों को बाद में रतलाम रेफर किया गया।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद
सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया में विभागीय अमले का भारी जमावड़ा लग गया।
मौके पर पहुँचे—
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय
जिला कलेक्टर मिषा सिंह
एसपी अमित कुमार
एसडीएम सुनील जावसवाल
सीएसपी युवराज सिंह
थाना प्रभारी दीपक मंडलोई
नगर पालिका का अमला
पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। रेडक्रॉस एवं जिला अस्पताल की एंबुलेंस भी मौके पर पहुँचीं।

मजदूर और कर्मचारी प्रभावित — एक को ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती

गैस से प्रभावित मजदूर जफर को साँस लेने में कठिनाई, सीने में जलन और आवाज बैठने जैसी शिकायत के चलते निसर्ग होम अस्पताल में भर्ती किया गया। उसके अलावा मजदूर पंकज माली और शब्बीर मेवाती भी प्रभावित हुए हैं।

गैस के घने मौसम से फँस जाने से फायर ब्रिगेड के तीन कर्मचारी भी घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर कर दिया गया।

फैक्ट्री में क्लोरीन सिलेंडर क्यों रखा था? प्रशासन ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के दौरान फैक्ट्री का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि फिरोक सलमेट पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री में क्लोरीन गैस सिलेंडर क्यों रखा गया? इसका क्या उपयोग था? यह अब जांच का विषय बन चुका है।

विशेष टीम करेगी जांच —
नागदा से विशेषज्ञ बुलाए गए
एसडीएम जावसवाल ने बताया कि केस की गंभीरता को देखते हुए नागदा से केमिकल एक्सपर्ट्स की टीम बुलाई गई है। टीम के पहुँचने के बाद आगे की तकनीकी जांच की जाएगी। साथ ही फैक्ट्री के पुराने सिलेंडरों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जाँच के आदेश दिए गए हैं।
विधायक डॉ. पांडेय ने लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए
घटनास्थल पर पहुँचकर विधायक डॉ. पांडेय ने एसडीएम और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और तत्काल जांच शुरू करने तथा लापरवाही के बिंदुओं की पड़ताल करने के निर्देश दिए।
एसडीईआरएफ की टीम भी पहुँची
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीईआरएफ की टीम भी जावरा भेजी गई, जिसने क्षेत्र को सुरक्षित करने और गैस के फैलाव को रोकने में योगदान दिया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!