मन्दसौर। आगर-मालवा जिले के तनोड़िया क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध कारोबार में भाजपा तनोड़िया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना का नाम सामने आया है। पुलिस ने दो वाहनों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, रसायन और ड्रग निर्माण के उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस को शुक्रवार दोपहर 1:50 से 4:50 बजे के बीच विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आगर-बड़ौद रोड पर गणेश गौशाला के पास दो कारें मारुति अर्टिगा क्रमांक एमपी-13-सीई-6055 और इग्निस क्रमांक एमपी-13-सीडी-4006 में नशीले पदार्थ लदे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान आर्टिगा कार चालक राहुल आंजना मौके से भाग निकला, जबकि इग्निस कार में सवार ईश्वर मालवीय उम्र 35 वर्ष और दौलत सिंह आंजना उम्र 33 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया।

राहुल आंजना भाजपा तनोड़िया मंडल उपाध्यक्ष के साथ-साथ ग्राम पंचायत थड़ौदा के सरपंच प्रतिनिधि भी हैं। पुलिस ने उनके घर और ठिकानों पर तलाशी ली, जहां से संदिग्ध दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा बरामद हुए। कॉल डिटेल और बैंक खातों की जांच से पिछले दो वर्षों में भारी रकम के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
दोनों वाहनों की तलाशी में निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई
– 9.250 किलोग्राम केटामाइन (मूल्य लगभग 4 करोड़ रुपये)
– 6 ग्राम एमडी ड्रग (मेफेड्रोन)
– 12.100 किलोग्राम अमोनियम क्लोराइड पाउडर
– 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल
– ड्रग निर्माण की मशीनरी और उपकरण
पुलिस के अनुसार, यह कोई छोटा-मोटा धंधा नहीं था, बल्कि फैक्ट्री स्तर पर एमडी ड्रग की तैयारी और सप्लाई की जा रही थी। एक किलोग्राम केटामाइन से लगभग 10 किलोग्राम एमडी तैयार किया जा सकता है, जिसमें अमोनियम क्लोराइड और अल्कोहल जैसे रसायनों का उपयोग होता है। बरामद सामग्री से साफ है कि नेटवर्क करोड़ों रुपये का कारोबार चला रहा था। कुल जब्ती की अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 5.07 से 5.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट 1985 की धारा 8 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। राहुल आंजना के खिलाफ भी इसी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज है, और उसकी तलाश जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा कर रहे हैं, और जांच आगे बढ़ रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस घटना ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। कांग्रेस नेता उमंग सिंहर, कमलेश्वर पटेल और सत्यनारायण पटेल ने सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर ड्रग माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश नशे का गढ़ बनता जा रहा है, और भाजपा नेताओं की संलिप्तता से युवाओं का भविष्य खतरे में है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जवाब मांगा है।
भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह मामला मध्य प्रदेश में ड्रग तस्करी के बढ़ते मामलों की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है, जहां हाल ही में अन्य जिलों में भी इसी तरह की कार्रवाइयां हुई हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









