लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष के खिलाफ 50,000 रुपये रिश्वत मामले में लोकायुक्त ने किया चालान पेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नीमच। नीमच जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए स्पेशल कोर्ट नीमच में चालान पेश किया है। भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को मार्च 2023 में 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था जनपद अध्यक्ष
जावद तहसील के खोर गांव के सरपंच बलराम जाट ने लोकायुक्त को शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत खेड़ा राठौड़ में भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति के बदले जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण 50,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने 21 मार्च 2023 को जावद जनपद कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की और गोपाल चारण को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। विस्तृत जांच और गवाहों के बयानों के बाद लोकायुक्त ने स्पेशल कोर्ट में चालान पेश कर दिया है।

कानूनी प्रक्रिया और संभावित सजा
लोकायुक्त एसपी आनंद यादव ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन गोपाल चारण को जनपद अध्यक्ष पद से हटाने पर विचार कर सकता है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(D) और 13(2)(E) के तहत दोषी पाए जाने पर चारण को सजा, आर्थिक दंड, पद से हटाने और चुनाव लड़ने पर रोक जैसे दंड हो सकते हैं। विशेष अदालत अब इस मामले की सुनवाई करेगी और आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका देगी।

लोकायुक्त की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर प्रहार
लोकायुक्त की इस कार्रवाई को नीमच जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत कदम माना जा रहा है। यह मामला स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक चेतावनी है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!