इंटरनेशनल डायमेंशन इन स्कूल्स (2026-2029) अवार्ड से नवाजा गया, शिक्षा के साथ खेल और व्यक्तित्व विकास में भी बनाया अलग मुकाम
मंदसौर। शहर के प्रतिष्ठित वात्सल्य पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परिचय देते हुए ब्रिटिश काउंसिल के प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल डायमेंशन इन स्कूल्स (2026-2029)’ अवार्ड से सम्मानित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह सम्मान विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैश्विक दृष्टिकोण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने यह प्रतिष्ठित अवार्ड एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किया। देशभर के चुनिंदा शिक्षण संस्थानों को प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान के लिए उन विद्यालयों का चयन किया जाता है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षा प्रदान करते हुए विद्यार्थियों में वैश्विक सोच विकसित करने और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय कार्य किया हो।
नेरोबी के स्कूलों के साथ किया सांस्कृतिक आदान-प्रदान
ब्रिटिश काउंसिल की इस अंतरराष्ट्रीय पहल के तहत वात्सल्य पब्लिक स्कूल ने केन्या के नेरोबी स्थित विद्यालयों के साथ वर्षभर विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का सफल संचालन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दोनों देशों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने के साथ-साथ अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस उपलब्धि में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंदसौर के लिए गर्व की उपलब्धि
विद्यालय को मिला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान केवल संस्थान की सफलता नहीं, बल्कि पूरे मंदसौर जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी विश्वस्तरीय शिक्षा और अवसरों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
खेलों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन
वात्सल्य पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे यह साबित हुआ है कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समान रूप से कार्य कर रहा है।
व्यक्तित्व और कौशल विकास पर विशेष जोर
विद्यालय में विद्यार्थियों के बौद्धिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए समय-समय पर करियर फेस्ट, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम, नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक आयोजन तथा कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने योग्य बनाना है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








