16 क्विंटल 40 किलो सोयाबीन और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप जब्त, मंदसौर सहित रतलाम जिले में भी चोरी की वारदातें कबूलीं
मंदसौर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई आबादी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोयाबीन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात आरोपी सोयाबीन चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नई आबादी में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी करते हुए आरोपी श्रवण मोगिया को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबूलाल मोंगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोंगिया, दोनों निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन, जिला धार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP70G0479 और सोयाबीन जब्त की।
मंदसौर और रतलाम जिले में भी चोरी की वारदातें
पुलिस के मुताबिक, आरोपी श्रवण मोगिया से विस्तृत पूछताछ में जिले के अफजलपुर और सीतामऊ क्षेत्र के अलावा रतलाम जिले के असावती क्षेत्र से भी सोयाबीन और लहसुन चोरी करने की बात सामने आई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर उसके विरुद्ध पूर्व में नकबजनी और चोरी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज होना पाए गए हैं।
ये सामग्री की गई जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये है, तथा वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP70G0479, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है, जब्त किया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
पुलिस ने श्रवण पिता रामचंद्र मोगिया (21), निवासी नई आबादी, अफजलपुर, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके दो साथी हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबूलाल मोंगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोंगिया, निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन, जिला धार की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, श्रवण मोगिया के विरुद्ध थाना अफजलपुर में वर्ष 2021 के दौरान चोरी और नकबजनी के चार प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 171/2021, 175/2021, 231/2021 और 269/2021 शामिल हैं।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।








