गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का महासंगम: गुरु टेकचंदजी महाराज के 20वें वर्षगांठ महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर जावरा नगर में सकल पंच गुजराती दर्जी समाज द्वारा गुरु टेकचंदजी महाराज के 20वें वर्षगांठ महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुए। कलश यात्रा, गुरु पूजन, विशाल चल समारोह, महाआरती, सत्संग एवं प्रसादी वितरण जैसे धार्मिक आयोजनों में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु चरणों में अपनी आस्था अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलश यात्रा एवं गुरु पूजन से हुआ। इसके पश्चात लालागली स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाजजन हाथों में ध्वज एवं धार्मिक प्रतीक लिए गुरु टेकचंदजी महाराज के जयघोष करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। चल समारोह सोमवारिया, शुक्रवारिया, पीपली बाजार, जवाहर पथ, भड़भूंजा चौक, बजाजखाना, घंटाघर चौराहा, कोठी बाजार, कमानी गेट, नीम चौक, पिंजारवाड़ी एवं आजाद चौक से होता हुआ पुनः लालागली पहुंचकर सम्पन्न हुआ। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

चल समारोह का नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। घंटाघर चौराहे पर भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गुरु टेकचंदजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की तथा समाजजनों का स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं बाजार निवासी दसेड़ा परिवार, बोरखेड़ा वालों सहित विभिन्न समाजजनों ने बाहर से पधारे अतिथियों एवं पदाधिकारियों का दुपट्टा एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहम्मद युसूफ कड़पा, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा सहित समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने गुरु टेकचंदजी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

चल समारोह के उपरांत आयोजित महाआरती, धार्मिक अनुष्ठान एवं सत्संग में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वक्ताओं ने गुरु परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकता, संस्कार, सेवा और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया। आयोजन के समापन पर समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

आयोजन को सफल बनाने में सकल पंच गुजराती दर्जी समाज के अध्यक्ष मनोहरलाल धारवा परमार, उपाध्यक्ष राधेश्याम देवड़ा, सचिव दीपक परमार, संरक्षक रमेश मकवाना, जगदीश मकवाना तथा नवयुवक मंडल के रविराज हेमावत, मनोज सोलंकी, महेंद्र मकवाना, संजय मकवाना, विजय हेमावत, प्रभूलाल सोलंकी, आकाश परमार सहित समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाजजनों का उल्लेखनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन, सामाजिक समरसता और धार्मिक उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!