बड़ावदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹14.50 लाख का 290 किलो डोडाचूरा जब्त, तस्कर फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रतलाम। जिले में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बड़ावदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 289.988 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा एवं एक बिना नंबर की पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹14.50 लाख बताई गई है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक और उसका एक साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में बड़ावदा थाना पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 289.988 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही डोडाचूरा के स्रोत और गंतव्य की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!