मन्दसौर। जीएसटी के लिये बहुप्रतीक्षित अपीलेट ट्रिब्यूनल का गठन प्रारंभ हो गया है और उनमें अपील योग्य फैसलों के बारे में भी जानकारी प्रसारित हो चुकी है। एक चार्टर्ड अकाउंटेंट होने के नाते अब हमें यह अध्ययन करना होगा कि हमारे करदाताओं के विरुद्ध आरोपित किन पेनल्टी के लिये हम जीएसटी की अपीलेट ट्रिब्यूनल में अपनी अपील प्रस्तुत कर सकते हैं। अपील किस ट्रिब्यूनल में दाखिल होगी, उसकी समय सीमा क्या होगी और वह किस पोर्टल पर करनी होगी, यह सारी जानकारी हमें होना जरूरी है।’
उक्त विचार मन्दसौर सीए ब्रांच द्वारा जीएसटी ट्रिब्यूनल पर आयोजित सेमिनार को संबोधित करते हुए सीए नयन जैन ने व्यक्त किये।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दैनिक जीवन में उपयोग विषय पर संबोधित करते हुए सीए सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या AI की चर्चा इस समय पूरे विश्व में हो रही है और हर कोई इसके प्रभाव व दुष्प्रभाव से घबराया हुआ है। यह एक कटु सत्य है कि AI कभी भी मनुष्य की जगह नहीं ले सकता है। यह सिर्फ एक ऐसा साधन है जिसके माध्यम से मानव अपना कार्य सुगमता से कम समय में सम्पन्न कर सकता है। हमें इन्हीं तकनीकों में पारंगत होकर AI के माध्यम से अपने कार्यों को संपादित करवाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मन्दसौर ब्रांच के अध्यक्ष सीए राजेश मंडवारिया ने बताया कि आज के सेमिनार के दोनों ही विषय अत्यंत ज्वलंत विषय हैं। जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल के कार्यों के बारे में जानकारी हमें अपने क्लाइंट के खिलाफ पारित आदेशों के प्रति अपील कर उन्हें पेनल्टी में राहत दिलाने में मदद करेगी वहीं AI के उपयोग से हम अपने व्यवसाय के नियमित कार्यों को अधिक क्षमता के साथ संपादित करने में सक्षम होंगे। AI की वजह से निश्चित रूप से नौकरियां कम होंगी लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि हर नयी चीज कुछ अच्छा भी लेकर आती है। हम सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए यह सोचें कि AI का उपयोग कर हम किस प्रकार से नये उद्यमी तैयार कर सकते हैं। ये नये उद्यमी ही हमें विश्व में भारत का परचम लहराने में सहयोगी सिद्ध होंगे।
अतिथियों का स्वागत सीए विनय अग्रवाल, अर्पित नागर, रीतेश पारिख, आयुष जैन, गौरव गुप्ता, कमलेश पाटीदार, रचित जैन, सुबोध सिंहल, श्याम लालवानी, सुमित सोनी, योगेश गुप्ता, रंजना पाटीदार, रोहन सोमानी, अमन मेहता, योगेन्द्र जैन आदि ने किया।
कार्यक्रम का संचालन सीए आशीष जैन ने किया। अतिथि परिचय सीए चेतन गुप्ता व सीए नितिन देवनानी ने दिया। आभार प्रदर्शन सचिव सीए नितेश भदादा ने किया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









