आलोट के समाजसेवी जितेन्द्र काला फिर बने सांसद प्रतिनिधि, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में रहा है योगदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व में भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी, आलोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में रहा है अहम योगदान

आलोट। क्षेत्र के समाजसेवी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जितेन्द्र काला को उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा रतलाम जिला रोगी कल्याण समिति एवं जिला चिकित्सालय में सांसद प्रतिनिधि मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति से आलोट क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए सांसद अनिल फिरोजिया का आभार व्यक्त किया है।

जितेन्द्र काला वर्तमान में अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे पूर्व में भी सांसद प्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इस दौरान उनके प्रयासों से आलोट चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन, फिजियोथैरेपी सेंटर, ऑक्सीजन मशीन सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा मिलने लगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किए। उनके प्रयासों से सांसद के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में 15 उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन स्वीकृत हुए, जिनका निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए समय-समय पर शिविर आयोजित करवाकर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में भी वे सक्रिय रहते हैं।

कोरोना संक्रमण के कठिन दौर में भी जितेन्द्र काला ने अपने संपर्कों और सेवाभाव के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उपचार, रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन एवं अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था दिलाने में सहयोग किया। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगवाकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी प्रयास किए।

सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। अपनी संस्था बाणेश्वरी ग्रुप के माध्यम से वे पौधारोपण, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करते हैं। ग्रुप द्वारा ‘सांसें हो रही कम, मिलकर लगाएं पेड़ हम’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर एवं समाज के युवाओं के जन्मदिन पर पौधारोपण किया जाता है। अब तक सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनकी नियमित देखरेख भी की जा रही है।

जितेन्द्र काला को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर क्षेत्रवासियों, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही सांसद अनिल फिरोजिया के प्रति आभार जताया है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रियता से जिला चिकित्सालय एवं रोगी कल्याण समिति के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!