भवानीमंडी। सिख धर्म के संस्थापक जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व 5 नवंबर 2025 को भवानीमंडी में समूह संगत द्वारा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा भवानीमंडी की ओर से आयोजित इस उत्सव में गुरु जी के सिद्धांतों – “इक ओंकार, सतनाम”, सत्य, सेवा, समानता और मानवता – का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह आयोजन सभी समुदायों को एकता के सूत्र में बांधने का अवसर प्रदान करेगा।
प्रभात फेरी शुरू, नगर कीर्तन 2 नवंबर को
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संरक्षक सरदार दर्शन सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रभात फेरी 23 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुकी है। इसमें गुरु नानक नाम लेवा संगत, सिख और सिंधी समाज उत्साहपूर्वक भाग ले रहा है। प्रभात फेरी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पाठ, शब्द कीर्तन, दीपमाला, अरदास और प्रसाद वितरण किया जा रहा है।

2 नवंबर 2025 को प्रभात फेरी भव्य नगर कीर्तन के रूप में आयोजित होगी। यह गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर सिंधी मोहल्ला, हॉस्पिटल चौराहा, स्टेशन चौराहा, बालाजी चौराहा, संस्कृत स्कूल और नेहरू पार्क होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा। पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन सवारी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। संगत से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
अखंड पाठ और विशेष दीवान
3 नवंबर 2025 से गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ प्रारंभ होंगे, जिनकी समाप्ति 5 नवंबर को गुरु जी के उपदेशों और सरबत के भले की अरदास के साथ होगी। इस दौरान शब्द कीर्तन, कथा और गुरमत विचारों के विशेष दीवान सजाए जाएंगे, जो संगत को “नाम जपो, किरत करो, वंड छको” के संदेश से प्रेरित करेंगे।
5 नवंबर की रात्रि को बच्चों के लिए विशेष कवि दरबार आयोजित होगा, जिसमें बच्चे गुरु नानक देव जी के जीवन और सिद्धांतों को काव्य पाठ के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। दीवान के बाद भव्य आतिशबाजी का आयोजन होगा।
संगत से अपील
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार प्रीतपाल सिंह ने कहा, “श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सत्य, सेवा और समानता का प्रतीक है। गुरु जी ने मानवता को एकता, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।” उन्होंने भवानीमंडी की संगत और सभी समुदायों से सभी आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और गुरु जी के मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारा बढ़ाने की अपील की।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









