रतलाम। जावरा शहर के हुसैन टेकरी क्षेत्र में गोलीबारी के दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। देश भर से मानसिक रोगों के इलाज के लिए हुसैन टेकरी आने वाले लोगों की आड़ में कुछ आपराधिक तत्व भी छिपने के लिए इस क्षेत्र का उपयोग करते हैं। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हुसैन टेकरी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और जावरा नगर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा, उपनिरीक्षक वी.डी. जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने हुसैन टेकरी क्षेत्र में झोपड़ियों, खुले स्थानों, होटलों और लॉज में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की गहन जांच की। जांच के दौरान सभी व्यक्तियों के पहचान पत्रों की पड़ताल की गई और उनके यहां रुकने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ की गई।

चेकिंग टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप देथलिया, प्र. आर. मारकण्डे मिश्रा, आर. कमलेश डागी, आर. मनोज डाबी, आर. गोविंद पंवार और सैनिक फिरोज खान शामिल थे। अभियान के दौरान लगभग 300 लोगों की जांच की गई, जिसमें उनके पहचान पत्रों की पड़ताल की गई। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर उनके गृह थाना पुलिस से संपर्क कर उनके आपराधिक आचरण की जानकारी ली गई।
जांच में पाया गया कि हुसैन टेकरी क्षेत्र में अधिकांश लोग मानसिक रोगों के इलाज के लिए आए हुए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में ऐसी सघन चेकिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









