दशपुर दिशा । दीपक सोनी
सैलाना। कृषि उपज मंडी सैलाना में प्याज के दाम औंधे मुंह गिरने से परेशान किसानों ने मंडी सचिव एवं संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वर्तमान स्थिति में उन्हें लागत मूल्य भी प्राप्त नहीं हो रहा है, जिससे भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन देने वाले किसानों में घनश्याम पिता हीरालाल पाटीदार, विशाल पिता सुभाष पाटीदार, योगेश पिता छोगालाल पाटीदार, आदित्य पिता देवलाल पजापत (निवासी—गांव आबा, तहसील पिपलौदा), गणपत पाटीदार (निवासी—गांव किरया, तहसील सैलाना) तथा गोपाल पिता वदीलाल पाटीदार (निवासी—सैलाना) सहित अन्य किसान शामिल थे।
किसानों ने बताया कि—
“मंडी में प्याज का मूल्य मात्र 1 से 1.50 रुपये प्रति किलो तक पहुँच गया है। इतनी कम कीमत मिलने के कारण लागत मूल्य निकालना भी असंभव हो गया है। ऊपर से हमाली और अन्य खर्च भी हमें अपनी जेब से देना पड़ रहा है।”

किसानों ने आशंका जताई कि इस स्थिति में उनकी फसल का पूरा सीजन घाटे में चला जाएगा, जिससे घरेलू अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ रहा है।
किसानों ने मंडी प्रशासक से यह भी आग्रह किया कि
“प्याज का उचित और संतुलित मूल्य निर्धारित कर हमें आर्थिक नुकसान से बचाया जाए।”
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने तत्काल हस्तक्षेप और समाधान की मांग रखी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









