जावरा में कार से 360 किलो डोडाचूरा जब्त, मंदसौर का 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

18 कट्टों में भरकर ले जा रहा था 7.20 लाख रुपए का मादक पदार्थ, तस्करी में इस्तेमाल ईको कार भी जब्त; कुल 15.20 लाख रुपए का मश्रुका बरामद

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मारुति सुजुकी ईको कार से 360 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मंदसौर जिले के ग्राम पिपलखेड़ी निवासी 24 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। आरोपी डोडाचूरा को 18 प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ले जा रहा था। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 7 लाख 20 हजार रुपए और कार की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 15 लाख 20 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया है।

दरगाह के सामने घेराबंदी कर पकड़ी कार
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

23 नवंबर को चौकी प्रभारी हुसैन टेकरी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में कार्रवाई के लिए मौजूद थे। इसी दौरान उज्जैन बायपास स्थित हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह के सामने संदिग्ध मारुति सुजुकी ईको कार क्रमांक MP 04 CY 2693 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में रखे 18 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 360 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मादक पदार्थ जब्त कर कार चालक जुझार पिता भेरूलाल खराड़ी (24), निवासी ग्राम पिपलखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।

15.20 लाख रुपए का मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 360 किलो डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 20 हजार रुपए है, तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ईको कार, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है, जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाने में अपराध क्रमांक 628/26 24.11.26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्रसिंह, बद्रीलाल चौधरी, सोहन भवेल तथा आरक्षक योगेंद्र, गोविंद पंवार, चेतन राठौर, शादाब बेग और योगेश राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!