वाटर पार्क की आड़ में संचालित हो रही संदिग्ध गतिविधियों का भंडाफोड़, एसपी की विशेष टीम ने दी दबिश
दशपुर दिशा । दीपक सोनी

रतलाम। नामली क्षेत्र में संचालित हो रहे एक कथित स्पा एवं मसाज सेंटर पर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड की युवतियों सहित कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई, जिसने सादी वर्दी में पहुंचकर पंचेड़ स्थित तुलसी वॉटर पार्क परिसर में दबिश दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वॉटर पार्क के पीछे बने कमरों में मसाज सेंटर संचालित किया जा रहा था। पुलिस को लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। टीम में डीएसपी अनीशा जैन, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
कार्रवाई को गोपनीय बनाए रखने के लिए टीम के सदस्यों को पहले से कार्रवाई स्थल की जानकारी नहीं दी गई थी और वे पूरे समय सादी वर्दी में रहे। अचानक की गई इस कार्रवाई में मसाज सेंटर का संचालन कर रहे मैनेजर दिलीप ठाकुर तथा उसके सहयोगियों को भी पूछताछ के लिए नामली थाने लाया गया।
सूत्रों के अनुसार, वॉटर पार्क में आने वाले लोगों से सामान्य प्रवेश शुल्क लिया जाता था, जबकि विशेष मसाज सेवाओं के नाम पर अलग-अलग दरों पर राशि वसूली जाती थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यहां संचालित गतिविधियां कानूनी थीं या इनके पीछे किसी प्रकार का अनैतिक अथवा अवैध कारोबार संचालित हो रहा था।

पुलिस अधिकारियों द्वारा संबंधित दस्तावेजों, लाइसेंस और संचालन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस केंद्र के संचालन की जानकारी स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों को थी और क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी पूर्व से थी।
फिलहाल पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








