जावरा में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रंगे हाथों ट्रैप हुआ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी
दशपुर दिशा । दीपक सोनी

जावरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने जावरा में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक शासकीय कर्मचारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, जो कि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं तथा वर्तमान में विश्रामगृह के पीछे जावरा में निवास करते हैं, ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) जारी करवाने के एवज में संकुल केन्द्र शासकीय कन्या उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा में पदस्थ अनिल वर्मा (सहायक ग्रेड-2) द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। सोमवार को जैसे ही आवेदक ने आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, आरोपी अनिल वर्मा ने राशि अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त दल ने आरोपी के कब्जे से रजिस्टर के नीचे रखी गई पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त उज्जैन की टीम के डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर एवं संदीप कदम शामिल रहे।
लोकायुक्त की आमजन से अपील
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी वैधानिक कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त उज्जैन को मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर दर्ज कराई जा सकती है। संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








