मंदसौर। लोकायुक्त संगठन उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंदसौर जिले के सामान्य वन मंडल कार्यालय में तैनात स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को 3000 रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर लिया।
आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर सहायक ग्रेड-3, स्थापना शाखा प्रभारी पर आरोप है कि उन्होंने गांधी सागर अभ्यारण में कार्यरत वनरक्षक ललित मीणा से अपने इलाज के लिए 43 दिनों के अर्जित अवकाश स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगी थी।

वनरक्षक ललित मीणा पिता गंगाराम मीणा, निवासी डीगांवमाली, तहसील एवं जिला मंदसौर ने 27 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त आनंद कुमार यादव को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि जब वे अवकाश स्वीकृति के लिए आरोपी के पास गए तो आरोपी ने आईएफएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ तीन-चार हजार रुपये रिश्वत देने को कहा।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में रिश्वतखोरी की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने आज 02 जून 2026 को मंदसौर के सामान्य वन मंडल कार्यालय की स्थापना शाखा में ट्रैप आयोजित किया। आरोपी को आवेदक ललित मीणा से 3000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
उक्त कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों और पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रैप दल में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
ट्रैप दल। में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हिना डाबर, प्र.आर.हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, आरक्षक मोहम्मद इसरार, आरक्षक श्याम शर्मा शामिल रहे
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








